अर्की अस्पताल में मरीजों की बढ़ती भीड़ और सुविधाओं को लेकर प्रगतिशील नागरिक कल्याण सभा ने उठाए सवाल

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज-  प्रगतिशील नागरिक कल्याण सभा अर्की की कार्यकारिणी की मासिक बैठक सभा के प्रधान दिवान चन्द की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक के दौरान क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न स्थानीय समस्याओं और जनहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।


सभा के महासचिव सुशील गांधी ने जानकारी देते हुए बताया कि बैठक में उपस्थित सदस्यों ने क्षेत्र में लोगों को आ रही विभिन्न समस्याओं पर अपने विचार रखे। इसी क्रम में अर्की नागरिक अस्पताल में मरीजों को हो रही दिक्कतों पर भी चर्चा की गई। सदस्यों ने बताया कि अस्पताल में दिन-प्रतिदिन मरीजों की संख्या बढ़ रही है। विशेष रूप से मेडिसिन ओपीडी कक्ष संख्या 304 में एकमात्र एमडी चिकित्सक द्वारा प्रतिदिन 100 से अधिक मरीजों को देखा जा रहा है, जिसके कारण दूर-दराज से आने वाले मरीजों को दो से तीन घंटे तक इंतजार करना पड़ता है और कई बार उन्हें फर्श पर बैठकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ता है।


बैठक में अस्पताल में कृष्णा डायग्नोस्टिक्स कंपनी के माध्यम से पीपीपी मोड पर दी जा रही सेवाओं को चौबीसों घंटे उपलब्ध करवाने, अस्पताल में आभा कार्ड की व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा रात्रि के समय सुरक्षा की दृष्टि से मुख्य गेट पर सुरक्षा कर्मचारी तैनात करने जैसे मुद्दों पर भी चर्चा की गई।
सभा के सदस्यों ने इन समस्याओं के समाधान के लिए खंड चिकित्सा अधिकारी अर्की को प्रस्ताव सौंपने का निर्णय लिया।
इस अवसर पर बैठक में हेमंत शर्मा, गगन चतुर्वेदी, मनोज डोगरा, कामेश्वर धीमान, बलीराम संख्यान ,धनपत बंसल और मस्तराम शर्मा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page