ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय घनागुघाट के पूर्व प्रधानाचार्य अजय शर्मा के 31 अक्तूबर को सेवानिवृत्त होने के बाद उनके स्थान पर राजकुमार गौतम ने प्रधानाचार्य की जिम्मेदारी संभाली है। राजकुमार गौतम इससे पूर्व विभिन्न विद्यालयों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। विद्यालय पहुंचने पर विद्यालय परिवार की ओर से उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत प्रधान आशा ठाकुर एवं उपप्रधान हरीश कुमार ने भी उनसे भेंट कर शुभकामनाएं दीं।

पंचायत प्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई कि उनके अनुभव और कुशल नेतृत्व में विद्यालय शैक्षणिक क्षेत्र में बेहतर कार्य करेगा। उन्होंने विद्यालय के कुशल संचालन और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए पंचायत की ओर से हरसंभव सहयोग देने का भरोसा भी दिलाया।
प्रधानाचार्य राजकुमार गौतम ने विद्यालय परिवार और पंचायत प्रतिनिधियों का स्वागत एवं सहयोग के आश्वासन के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभी के सहयोग से विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने और विद्यार्थियों के हित में मिलकर कार्य करने की बात कही।


