ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज :- अर्की के ऐतिहासिक श्री लुटरू महादेव मंदिर में युवा चित्रकार शुभम चौहान ने भगवान भोलेनाथ का भव्य चित्र बाबा हेमंत भारती को भेंट किया। इस सुंदर कलाकृति को देखकर श्रद्धालुओं और मंदिर प्रबंधन ने शुभम की कला की सराहना की।
अर्की उपमण्डल के दूरदराज क्षेत्र भलग गांव के रहने वाले शुभम चौहान अपनी पेंटिंग के माध्यम से हिमाचली संस्कृति और देव परंपरा को जीवंत बना रहे हैं। उनकी कलाकृतियां न केवल प्रदेश में बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान बना रही हैं।

शुभम ने शिमला के फाइन आर्ट्स कॉलेज में बीएफए द्वितीय वर्ष की पढ़ाई जारी रखी है। उन्होंने राज्य संग्रहालय शिमला और कुनिहार में अपनी पेंटिंग प्रदर्शनी लगाई, साथ ही राष्ट्रीय ऑनलाइन प्रतियोगिता में प्रशंसा पदक भी प्राप्त किया। उनके शिक्षक विवेक शर्मा के मार्गदर्शन में उन्होंने तीन राष्ट्रीय कला शिविरों की मेजबानी भी की।
शुभम चौहान की यह उपलब्धि प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा है। उनकी चित्रकारी हिमाचली परंपरा को सहेजने और उसे राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रही है।






