ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज:- उपमण्डल अर्की के अंतर्गत राजकीय उच्च विद्यालय लड़ोग में जल संरक्षण के उपलक्ष्य में प्री-वोकेशनल एक्सपोजर विजिट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्याध्यापिका मनोरमा चड्ढा ने की, जिसमें विद्यालय के सभी शिक्षक व छात्र-छात्राएं शामिल हुए।

इस अवसर पर विद्यालय से चोंरटू तक जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें छात्रों ने जल संरक्षण से जुड़े नारे व स्लोगन बुलंद कर लोगों को जागरूक किया। इसके बाद विद्यार्थियों को स्थानीय बढ़ई किशोरी लाल के कार्यस्थल पर ले जाया गया, जहां उन्होंने लकड़ी के शिल्प कार्य, औजारों के उपयोग और विभिन्न कलाकृतियों के निर्माण की प्रक्रिया को करीब से समझा।

छात्रों ने इस व्यावसायिक प्रशिक्षण कार्यक्रम में उत्सुकता से भाग लिया और बढ़ईगिरी के हुनर से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल कीं। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर विद्यालय प्रशासन ने संतोष जताया और भविष्य में भी ऐसे व्यावहारिक ज्ञानवर्धक दौरों के आयोजन की बात कही।



