ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- अर्की–शीलघाट–दवारी दोपहर बस सेवा के निर्धारित रूट पर नियमित संचालन न होने से क्षेत्र के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या को लेकर जिला परिषद सदस्य शशिकांत शर्मा ने हिमाचल पथ परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक सोलन को ज्ञापन सौंपकर बस सेवा को निर्धारित रूट पर नियमित रूप से चलाने की मांग उठाई है।

शशिकांत शर्मा ने ज्ञापन में बताया कि अर्की से शीलघाट होते हुए दवारी तक चलने वाली दोपहर की बस कई बार निर्धारित रूट पूरा किए बिना ही बीच रास्ते से वापस लौट जाती है। इसके चलते क्षेत्र के ग्रामीणों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों और अन्य यात्रियों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि स्थानीय जनता द्वारा लगातार इस समस्या को उठाए जाने के बावजूद इसका समाधान नहीं हो पाया है। उन्होंने विभाग से मांग की कि बस को अर्की से शीलघाट होते हुए दवारी तक निर्धारित पूरे रूट पर नियमित रूप से चलाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि यात्रियों को राहत मिल सके।
जिला परिषद सदस्य ने चेतावनी दी कि यदि विभाग ने जल्द समस्या का समाधान नहीं किया तो वह क्षेत्र की जनता के साथ मिलकर धरना-प्रदर्शन और चक्का जाम सहित व्यापक जनआंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने विभाग से मामले में तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने तथा की गई कार्रवाई की लिखित जानकारी उपलब्ध करवाने की भी मांग की है।



