ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज:- धर्मपुर पुलिस और साइबर सैल की संयुक्त कार्रवाई में एक बड़े नशा तस्कर विजय सोनी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी विजय सोनी, जो सिरसा, हरियाणा का निवासी है, हिमाचल प्रदेश समेत पंजाब और हरियाणा में नशे की सप्लाई कर रहा था।

सोलन पुलिस के विशेष अन्वेषण इकाई (SIU) ने 3 नवम्बर 2024 को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जिनके पास 16 ग्राम चिट्टा/हिरोइन बरामद की गई थी। पूछताछ में सामने आया कि इन आरोपियों ने यह नशा विजय सोनी से खरीदा था। इसके बाद पुलिस ने विजय सोनी की तकनीकी निगरानी शुरू की, क्योंकि वह पुलिस से बचने के लिए अपनी लोकेशन और मोबाइल बदलता रहता था।

विजय सोनी 7 फरवरी 2025 को पंजाब के खरड़ से गिरफ्तार किया गया। उसकी गिरफ्तारी के बाद पता चला कि वह हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में नशे की सप्लाई करता था और यह नेटवर्क 2021 से सक्रिय था। अब तक करीब 100 से अधिक हिमाचली युवक इस आरोपी के संपर्क में आ चुके थे।

जांच में यह भी सामने आया कि विजय सोनी ने नशे के कारोबार से अर्जित कमाई से काफी संपत्ति बनाई है, जिसकी भी जांच की जा रही है। इस आरोपी के खिलाफ पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश में कई नशा तस्करी के मामले दर्ज हैं।
विजय सोनी का अपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है और उसे कल 9 फरवरी 2025 को अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस और प्रशासन ने इस मामले में और जांच जारी रखने का आश्वासन दिया है।
यह कार्रवाई पुलिस की कड़ी निगरानी और संघर्ष का परिणाम है, जिससे नशे के कारोबार में लिप्त अपराधियों को पकड़ने में मदद मिली है।

