कुल्लू की टीम को 12-4 अंकों से हराकर हासिल किया तीसरा स्थान, डुमैहर स्कूल के छह खिलाड़ी रहे टीम में शामिल।
ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- हिमाचल प्रदेश कोर्फबाल संघ एवं स्पोर्ट्स क्लब दधोल (बिलासपुर) के संयुक्त तत्वावधान में 14 व 15 नवंबर को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गालियां, जिला बिलासपुर में 19वीं सब जूनियर एवं 25वीं जूनियर दो दिवसीय राज्य स्तरीय कोर्फबाल प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश के लगभग सभी जिलों सहित चार क्लबों की टीमों ने भाग लिया। इसमें करीब 280 छात्र एवं छात्रा खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।

प्रतियोगिता में जिला सोलन की जूनियर टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया। टीम ने कुल्लू की टीम को 12-4 अंकों से पराजित कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। यह जानकारी जिला सोलन कोर्फबाल संघ के महासचिव एवं अंतरराष्ट्रीय बास्केटबॉल रेफरी राज कुमार पाल ने दी। उन्होंने बताया कि जिला सोलन की जूनियर टीम में कुल 14 छात्र एवं छात्रा खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिनमें से छह खिलाड़ी राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय डुमैहर (अर्की) के हैं।
इस उपलब्धि पर जिला सोलन कोर्फबाल संघ के प्रधान मोहिंद्र राठौर, कोषाध्यक्ष देवेंद्र ठाकुर, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय डुमैहर के प्रधानाचार्य अरुण कुमार, विद्यालय के समस्त स्टाफ, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों तथा संघ के सभी पदाधिकारियों ने कांस्य पदक विजेता खिलाड़ियों एवं उनके प्रशिक्षक राज कुमार पाल को बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


