ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज:- हिमाचल होमगार्ड्स प्रशिक्षण केंद्र कोटली में महिला अधिकारियों के लिए एचआईवी/एड्स जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में डॉ. विजय कुमार शांडिल ने महिलाओं को एचआईवी/एड्स से बचाव और इसके रोकथाम के उपायों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि बच्चों को नशे से दूर रखना और उन्हें इस विषय पर सही जानकारी देना बेहद आवश्यक है। सिरिंज (सुई) के गलत उपयोग और उसके साझा करने से होने वाले खतरों के बारे में भी विस्तार से समझाया गया।

कार्यक्रम में सभी महिला अधिकारियों को समाज के जिम्मेदार नागरिक बनने और एचआईवी/एड्स के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने की शपथ दिलाई गई। उन्होंने यह प्रण लिया कि वे नशीले पदार्थों का सेवन नहीं करेंगी, अपने साथी के प्रति वफादार रहेंगी और एचआईवी/एड्स एवं यौन रोगों पर खुलकर चर्चा करेंगी।
डॉ. शांडिल ने सभी को प्रेरित करते हुए कहा कि एचआईवी/एड्स के अंत के लिए हर किसी की भागीदारी आवश्यक है। इस कार्यक्रम ने महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित किया।




