ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज
अर्की कल्याण संस्था के सौजन्य से आज अर्जुन खेल मैदान कोटली (शालाघाट) में “द बाघल कप” क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ।

कार्यक्रम का उद्घाटन रामलोक आश्रम कंडाघाट के संस्थापक बाबा अमरदेव जी ने दीप प्रज्वलित कर किया। संस्था के संस्थापक सुरेंद्र ठाकुर के नेतृत्व में संस्था के सभी पदाधिकारियों, सदस्यों और अन्य गणमान्यों ने बाबा जी का फूलमालाओं से भव्य स्वागत किया और स्मृति चिन्ह देकर उन्हें सम्मानित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवक जीवन भारद्वाज ने की, जबकि अखिल भारतीय सारस्वत परिषद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष गौरव शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि बाबा अमरदेव ने उपस्थित खिलाड़ियों और दर्शकों को संबोधित करते हुए कहा कि नशे की समस्या युवाओं और उनके परिवारों को बर्बाद कर रही है। उन्होंने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को नशे से दूर रखने का एक प्रभावी माध्यम हैं और इस पहल के लिए उन्होंने संस्था के संस्थापक सुरेंद्र ठाकुर और उनकी टीम की सराहना की। उन्होंने युवाओं को खेलों में अधिक भागीदारी के लिए प्रेरित किया।

संस्था के संस्थापक सुरेंद्र ठाकुर ने इस अवसर पर मुख्य अतिथि और अन्य उपस्थित गणमान्यों का धन्यवाद करते हुए बताया कि संस्था युवाओं को नशे से बचाने और उन्हें रचनात्मक गतिविधियों में व्यस्त रखने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन कर रही है। संस्था के सह संयोजक कामेश्वर ठाकुर ने बताया कि क्रिकेट प्रतियोगिता में 60 टीमें भाग ले रही हैं। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि प्रतियोगिता के विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे। क्रिकेट प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार ₹51,000 और द्वितीय पुरस्कार ₹25,000 रखा गया है। इसके अतिरिक्त, प्रतियोगिता के समापन के बाद कबड्डी और रस्सा कस्सी प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा। कबड्डी में प्रथम पुरस्कार ₹11,000 और द्वितीय ₹5,100 है, जबकि रस्सा कस्सी के लिए प्रथम पुरस्कार ₹8,100 और द्वितीय पुरस्कार ₹4,100 निर्धारित किया गया है। प्रवेश शुल्क क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए ₹2,500, कबड्डी के लिए ₹1,000 और रस्सा कस्सी के लिए ₹800 रखा गया है।

कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के समाजसेवी डीडी शर्मा, विनोद शर्मा, गोपाल चंदेल, सागर शर्मा, पूर्व प्रधान परमिदर ठाकुर, सुरजीत सिंह, दीपक ठाकुर, हरीश ठाकुर, मोनू, बृजमोहन बबलू, बालकृष्ण, कमल बंसल, जयचंद मोनू, विकास ठाकुर और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।







