ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज:- पेंशनर्ज एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण संघ पट्टाबरावरी-हरिपुर इकाई का जनरल हाउस (अधिवेशन) पंचायत भवन पट्टाबरावरी के सभागार में आयोजित हुआ। इस बैठक में नई कार्यकारिणी के गठन पर विस्तार से चर्चा की गई, जिसमें संघ के सभी सदस्यों ने अपने विचार रखे। इस अवसर पर डीडी कश्यप ने अपने 19 वर्षों के लंबे कार्यकाल में संघ और पैंशनरों के हित में किए गए कार्यों की जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने पुरानी कार्यकारिणी को भंग करते हुए अपने पद से इस्तीफा देने की घोषणा की और नई कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया शुरू की।
डीडी कश्यप ने चुनाव अधिकारी के रूप में जगदीश शर्मा को नियुक्त किया, जो कि पैंशनर्ज संघ पट्टा बरावरी-हरिपुर यूनिट के मुख्य कानूनी सलाहकार के पद पर कार्यरत थे। सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया, जिसमें जयदेव गर्ग को प्रधान पद पर निर्विरोध चुना गया। वरिष्ठ उपप्रधान के पद पर केश्वा राम, महासचिव के रूप में भरत राम, और प्रेमचंद कश्यप को कोषाध्यक्ष चुना गया। रोशन लाल गौड को प्रेस सचिव का दायित्व सौंपा गया।
चुनाव प्रक्रिया समाप्त होने के बाद, जगदीश शर्मा ने नई कार्यकारिणी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। निवर्तमान प्रधान डीडी कश्यप ने नई कार्यकारिणी को बधाई दी और संगठन को बेहतर तरीके से संचालित करने की उम्मीद जताई। डीडी कश्यप ने पैंशनरों के हित और क्षेत्र की जनता के कल्याण के लिए प्रशासन और सरकार के साथ मिलकर संघर्ष किया है। जयदेव गर्ग ने कहा कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद डीडी कश्यप ने इस क्षेत्र के सभी पैंशनरों को एक सूत्र में बांधकर रखा। उन्होंने आशा व्यक्त की कि डीडी कश्यप भविष्य में भी उनका मार्गदर्शन करते रहेंगे और बतौर मुख्य संरक्षक अपनी सेवाएं देंगे।
इस अवसर पर रोशनलाल कौंडल, जो मुख्य सलाहकार के पद पर थे, ने मंच का संचालन किया। वरिष्ठ उपाध्यक्ष केश्वा राम, कानूनी सलाहकार जगदीश शर्मा, नेकराम कौंडल, मनीराम, किशन कौंडल, ख्यालीराम, प्रेस सचिव रोशन लाल, प्रेमचंद कश्यप, भरत राम, और दुनीचंद ठाकुर ने भी अपने विचार व्यक्त किए।