इस प्रतियोगिता के दौरान भूमती पंचायत के प्रधान योगेश गौतम भी रहे विशेष रूप से बच्चों के साथ मौजूद
ब्यूरो,दैनिक हिमाचल न्यूज:- हिमाचल प्रदेश के सुजानपुर टिहरा में चल रही 26वीं अंडर-12 राज्य स्तरीय खेलकूद व सांस्कृतिक प्रतियोगिता में उपमण्डल अर्की के संस्कार पब्लिक स्कूल भूमती के तीन विद्यार्थियों सोनाक्षी,निहारिका और आदित्य ने एकल गायन में सोलन जिला का प्रतिनिधित्व करते हुए राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।

स्कूली बच्चों की इस उपलब्धि पर विद्यालय सहित समूचे क्षेत्र में खुशी की लहर है। जानकारी देते हुए विद्यालय के प्रबंधक कमलेश कुमार ने बताया कि इस प्रतियोगिता में संस्कार पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा राज्य स्तर पर लगातार पाँचवीं बार प्रथम स्थान प्राप्त किया है।उन्होंने बताया कि इससे पहले इस विद्यालय की तीन छात्राएं खुशी,नंदिनी व मेधावी भी इस प्रतियोगिता में राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर चुकी है। उन्होंने विद्यार्थियों की इस उपलब्धि का श्रेय विद्यालय की संगीत अध्यापिका चित्रा शर्मा और अध्यापकों को दिया जिनके अथक परिश्रम से इस विद्यालय के बच्चे लगातार अपने लक्ष्य में सफल हो रहे है। सुजानपुर में हुई इस प्रतियोगिता में भूमती पंचायत के प्रधान योगेश गौतम भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने बच्चों की इस उपलब्धि पर सभी अध्यापकों और उनके अभिभावकों को अपनी शुभकामनाएं प्रदान की है। उन्होंने कहा कि इन प्रतिभावान बच्चों ने प्रदेश स्तर पर उनकी पंचायत का मान बढ़ाया है।






