ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज :- उपमंडल की ग्राम पंचायत देवरा के जखौली मेले के दूसरे दिन मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी मुख्यातिथि के तौर पर मौजूद रहे । उनके यहां पहुंचने पर पंचायत प्रधान एवम मेला कमेटी के अध्यक्ष रूप सिंह ठाकुर व अन्य समिति सदस्यों ने उनका फूलमालाओं से स्वागत किया । उन्होने सर्वप्रथम उपस्थित जनसमूह को दुर्गा अष्टमी की बधाई दी ।

उन्होंने उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित करते हुए कहा कि मेले हमारी प्राचीन संस्कृति के द्योतक हैं तथा इनका संरक्षण करना हमारा कर्तव्य है । उन्होंने कहा कि हमारी आने वाली पीढ़ी को भी इस समृद्ध संस्कृति के बारे में जानने की आवश्यकता है । उन्होंने कहा कि प्रदेश पर पिछले दिनों आयी प्राकृतिक आपदा से प्रदेश पर भारी आर्थिक संकट आया परंतु हमारी प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री सुक्खू के नेतृत्व में इस संकट से निपटने में सफलतापूर्वक प्रयास किया । उन्होंने कहा कि शीघ्र ही अर्की के जलाना में सत्तर करोड़ की लागत से डे बोडिंग स्कूल खुलने जा रहा है । अवस्थी ने पंचायत प्रधान रूप सिंह ठाकुर द्वारा रखी गई विभिन्न मांगों के बारे में बोलते हुए कहा कि सात करोड़ 55लाख की लागत से शीघ्र ही मंज्याट से पपलोटा मार्ग का शिलान्यास होने जा रहा है । उन्होंने गाहर से जखौली मार्ग के लिए शीघ्र ही बजट जारी करने का आश्वासन दिया । उन्होंने कहा कि आज वे दलगत राजनीति से परे हटकर अपने क्षेत्र के विधायक हैं । उन्होंने कहा कि बाड़ी धार में शीघ्र ही खूबसूरत पर्यटन स्थल विकसित करने की योजना है । विधायक ने सामुदायिक भवन हेतु दो लाख रु स्वीकृत करने की घोषणा की । साथ ही उन्होंने अपनी ऐच्छिक निधि से मेला कमेटी को इक्कीस हज़ार तथा स्कूली बच्चों के कार्यक्रम हेतु इक्कीस सौ रु देने की घोषणा की

पंचायत प्रधान रूपसिंह ठाकुर ने अपने सम्बोधन में मुख्यातिथि सहित सभी आये हुए अतिथियों का स्वागत किया । उन्होंने पंचायत की चिरलम्बित मांग मन्जाट से पपलोटा मार्ग हेतु सात करोड़ की राशि स्वीकृत करने पर प्रदेश सरकार व मुख्यातिथि का आभार व्यक्त किया । उन्होंने मुख्य मार्ग से मन्दिर तक के मार्ग की मरम्मत करवाने , जाखौली से काटल मार्ग का निर्माण, सामुदायिक के अतिरिक्त निर्माण हेतु चार लाख रुपये स्वीकृत करने सहित अन्य मांगें मुख्यातिथि के सामने रखीं जिन्हें मुख्यातिथि ने प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का आश्वसान दिया । कार्यक्रम के दौरान स्कूली छात्रों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये । हिमाचल एकेडमिक स्कूल बाहवां के छात्रों ने हिमाचली नाटी व पंजाबी नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया । इसी के साथ स्थानीय बच्चों ने भी सुंदर प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया । अर्की के युवा रिंकू ने ग़ज़ल प्रस्तुत कर दर्शकों की वाहवाही बटोरी । इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सतीश कश्यप, डीएसपी संदीप शर्मा, व्यापार मंडल अर्की के अध्यक्ष व पार्षद अनुज गुप्ता, तहसीलदार रमन ठाकुर,बीडीसी सदस्य भावना शर्मा,एससी सेल के ब्लॉक अध्यक्ष सीडी बंसल,पूर्व उपप्रधान नगर पंचायत अर्की व वरिष्ठ कांग्रेस नेता कुलदीप सूद,पार्षद रुचि गुप्ता,विनय वशिष्ठ,ब्लॉक कोषाध्यक्ष रोशन वर्मा,युकां अर्की के अध्यक्ष हेमन्त वर्मा,जिला महासचिव प्यारे लाल शर्मा,पूर्व प्रधान रतन लाल शर्मा व सुमित शर्मा सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे ।




