भूकंप मॉक ड्रिल में स्काउट्स एवं गाइड्स के विद्यार्थियों ने संभाली रेस्क्यू और प्राथमिक चिकित्सा की जिम्मेदारी।
ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज। उपमंडल अर्की के अंतर्गत राजकीय उच्च विद्यालय लड़ोग में अंतरराष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण दिवस के अवसर पर भूकंप मॉक ड्रिल, भाषण और चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विद्यालय के मीडिया प्रभारी भूपेन्द्र शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को आपदाओं के प्रति जागरूक करना और आपातकालीन परिस्थितियों में बचाव एवं राहत कार्यों के लिए तैयार करना रहा।

भूकंप मॉक ड्रिल के दौरान भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के विद्यार्थियों ने रेस्क्यू टीम और प्राथमिक चिकित्सा टीम में सक्रिय भूमिका निभाई। विद्यार्थियों ने प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने, घायलों को प्राथमिक उपचार देने तथा आपात स्थिति में आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का अभ्यास किया।
इस अवसर पर आयोजित भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने आपदा प्रबंधन और सुरक्षा के महत्व पर अपने विचार रखे, जबकि चित्रकला प्रतियोगिता के माध्यम से आपदा से बचाव और सुरक्षित व्यवहार का संदेश दिया।
विद्यालय प्रभारी यशपाल वर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में सभी अध्यापक उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को आपदा के दौरान सतर्कता, पूर्व तैयारी और सामूहिक प्रयासों के महत्व से अवगत करवाया गया।

