ब्युरो,दैनिक हिमाचल न्यूज। राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धुन्दन में आयोजित सात दिवसीय विशेष राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर के छठे दिन की शुरुआत प्रभात फेरी से हुई। इसके बाद स्वयंसेवियों ने योगाभ्यास किया तथा परेड सत्र के माध्यम से अनुशासन और एकता का अभ्यास किया।

श्रमदान गतिविधि के तहत स्वयंसेवियों ने विद्यालय के मध्याह्न भोजन (एमडीएम) परिसर में झाड़ियों की कटाई-छंटाई की। साथ ही परिसर की स्वच्छता और सुंदरता बनाए रखने में योगदान दिया।
बौद्धिक सत्र में भारतीय एयरटेल फाउंडेशन से पहुंचे प्रशांत ने स्वयंसेवियों को संबोधित किया। उन्होंने दैनिक जीवन में व्यावहारिकता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सकारात्मक व्यवहार अपनाने, उचित निर्णय लेने और प्रत्येक कार्य को व्यावहारिक दृष्टिकोण से करने के लिए प्रेरित किया।

सांस्कृतिक संध्या में डॉ. अनीता देवी, सुदेश देवी, शिव कुमार, ज्ञान गुप्ता, विमला देवी, हेमा देवी, अनीता कौंडल, भूमिका और कौशल्या देवी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान स्वयंसेवियों ने विभिन्न रचनात्मक एवं मनोरंजक गतिविधियों में भाग लिया। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, आपसी सहयोग बढ़ाने और आत्मविश्वास विकसित करने का अवसर मिला।
शिविर का छठा दिन श्रमदान, अनुशासन, व्यावहारिक ज्ञान और सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से स्वयंसेवियों के सर्वांगीण विकास का संदेश देने वाला रहा।



