ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- जिला बिलासपुर के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कपाहड़ा में शनिवार को विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रधानाचार्य मनोरमा चड्डा के दिशा-निर्देशन में किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को विभिन्न शैक्षणिक, रचनात्मक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में स्थानीय लोक मित्र संचालक एवं विद्यालय प्रबंधन समिति के प्रधान संजीव कुमार की ओर से आधार अपडेटेशन कैंप भी लगाया गया। कैंप के माध्यम से विद्यार्थियों को आधार अपडेट करवाने की सुविधा मिली। वहीं कुछ छात्रों को आधार आईडी बनाने में आ रही समस्याओं के समाधान में भी सहायता मिली। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना तथा व्यक्तित्व विकास के महत्व के बारे में जानकारी दी।

गतिविधियों के उपरांत शिक्षकों ने विद्यार्थियों की काउंसलिंग की। बालकों को नशे के दुष्प्रभावों, नशा मुक्ति एवं नशा निवारण, पानी से फैलने वाली बीमारियों, साइबर ठगी तथा साइबर बुलिंग से बचाव के संबंध में जागरूक किया गया। विद्यार्थियों को इंटरनेट एवं सोशल मीडिया का सुरक्षित और जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत अभिभावकों अथवा शिक्षकों को देने के लिए प्रेरित किया गया।

वहीं, छात्राओं को महिला शिक्षिकाओं की ओर से व्यक्तिगत सुरक्षा एवं जागरूकता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। उन्हें यौन उत्पीड़न से बचाव, पॉक्सो अधिनियम, बालिकाओं के अधिकार एवं सुरक्षा तथा किसी भी अनुचित व्यवहार की स्थिति में तुरंत शिक्षकों अथवा अभिभावकों से संपर्क करने के बारे में समझाया गया।

इसके साथ ही सभी विद्यार्थियों को स्वच्छ पेयजल के महत्व, पानी से फैलने वाली बीमारियों से बचाव तथा स्वयं और अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ एवं साफ-सुथरा रखने के लिए प्रेरित किया गया। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को बताया कि जागरूकता, सावधानी और स्वच्छता अपनाकर अनेक बीमारियों एवं सामाजिक समस्याओं से बचा जा सकता है।
विद्यालय प्रशासन ने बताया कि इस प्रकार की जागरूकता एवं काउंसलिंग गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों को सुरक्षित, स्वस्थ, जिम्मेदार एवं जागरूक नागरिक बनाने के साथ-साथ उनके सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करना है।

