ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में आयोजित अंतरराष्ट्रीय पेशापालो विश्व कप में भारतीय टीम ने दमदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल तक का सफर तय किया। विश्व कप में हिमाचल प्रदेश के दो खिलाड़ियों अंकुश ठाकुर और प्रकाश ठाकुर ने भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन किया।

सोलन जिला के रामशहर क्षेत्र के पंजली गांव निवासी अंकुश ठाकुर तथा सिरमौर जिला के शिलाई निवासी प्रकाश ठाकुर भारतीय टीम का हिस्सा रहे। प्रकाश ठाकुर ने भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए प्रतियोगिता में अपनी भूमिका निभाई। दोनों खिलाड़ियों ने टीम के साथ विभिन्न मुकाबलों में भाग लेते हुए भारत को सेमीफाइनल तक पहुंचाने में योगदान दिया।

सिडनी में आयोजित इस विश्व कप में विभिन्न देशों की टीमें मैदान में उतरीं। भारतीय खिलाड़ियों को दुनिया की मजबूत टीमों के साथ खेलने का अवसर मिला। प्रतियोगिता के दौरान भारतीय टीम ने अपने खेल में लगातार सुधार करते हुए सेमीफाइनल तक जगह बनाई। हालांकि पदक के लिए हुए मुकाबले में भारत को सफलता नहीं मिल सकी, लेकिन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय टीम का प्रदर्शन खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण अनुभव लेकर आया।हिमाचल के दोनों खिलाड़ियों के लिए यह विश्व कप विशेष उपलब्धि रहा। पेशापालो जैसे अंतरराष्ट्रीय खेल में भारतीय टीम का हिस्सा बनकर उन्होंने प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए नई राह भी दिखाई है। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों से निकलकर अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचना अंकुश ठाकुर और प्रकाश ठाकुर की खेल यात्रा की महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
विश्व कप के दौरान दोनों खिलाड़ियों को दुनिया के विभिन्न देशों के खिलाड़ियों के साथ खेलने और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा का अनुभव प्राप्त हुआ। इससे भविष्य में भारतीय पेशापालो टीम को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
अंकुश ठाकुर और प्रकाश ठाकुर की इस उपलब्धि से सोलन और सिरमौर सहित पूरे हिमाचल के खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है। दोनों खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय टीम का हिस्सा बनकर प्रदेश का नाम देश-विदेश में पहुंचाया है।



