मांजू के नितिन के साथ खड़ा हुआ बातल गांव, उपचार के लिए जुटाए 2.08 लाख रुपये

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज। ग्राम पंचायत पलोग के मांजू (काउली) गांव निवासी नितिन शर्मा ब्लड कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं और उनका उपचार पीजीआई चंडीगढ़ में चल रहा है। पिछले करीब दो वर्षों से परिवार नितिन के उपचार में अपनी जमा पूंजी खर्च कर चुका है। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के बाद नितिन ने सरकार, प्रशासन और समाज से उपचार के लिए आर्थिक सहयोग की मार्मिक अपील की।


नितिन की अपील सामने आने के बाद सोशल मीडिया के माध्यम से भी उनकी सहायता के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। क्षेत्र के लोग अपने स्तर पर नितिन की मदद के लिए आगे आ रहे हैं। इसी कड़ी में बातल गांव के ग्रामीणों ने 2 लाख 8 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की है। नर सेवा नारायण सेवा समिति, बातल की ओर से समिति के सदस्य नितिन के घर पहुंचे और सहायता राशि का चेक उन्हें सौंपा।


समिति के सदस्यों ने बताया कि इस सहायता राशि में बातल गांव के समस्त ग्रामीणों का सहयोग शामिल है। उन्होंने नितिन के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में जरूरतमंद परिवार के साथ खड़ा होना समाज की जिम्मेदारी है।
नितिन की मार्मिक अपील के बाद पलोग पंचायत सहित आसपास की पंचायतों में भी उनके सहयोग की अपील लगातार की जा रही है। गांव-गांव और घर-घर से लोग नितिन की मदद के लिए लोगों को प्रेरित कर रहे हैं। विभिन्न महिला मंडल और युवक मंडल भी इस मुहिम को आगे बढ़ा रहे हैं।


नितिन की सहायता के लिए समाज के विभिन्न वर्गों की ओर से भी सहयोग मिल रहा है। बीते दिनों किन्नर समाज ने भी मानवता का परिचय देते हुए नितिन के उपचार के लिए 1 लाख 3 हजार 500 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की थी। वहीं हिमाचल प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से भी लोग नितिन के उपचार के लिए अपनी सामर्थ्य के अनुसार सहयोग कर रहे हैं।

वहीं सानन पंचायत के देलग गांव के आदर्श युवक मंडल ने भी एक मुहिम के जरिए आसपास के गांव के सहयोग से नितिन के इलाज के लिए 58 हज़ार रुपए की राशि प्रभावित परिवार को सौंपी थी। नितिन और उनके परिवार को उम्मीद है कि समाज की सामूहिक मदद से उनके उपचार का खर्च जुटाने में सहायता मिलेगी। क्षेत्रवासियों ने भी सक्षम लोगों से नितिन के उपचार के लिए आगे आकर सहयोग करने की अपील की है।


परिवार ने नितिन के उपचार के लिए सहयोग प्रदान कर रहे सभी दानी सज्जनों, संस्थाओं, महिला मंडलों, युवक मंडलों और ग्रामवासियों का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में मिल रहा सहयोग उनके लिए बहुत बड़ा संबल है।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page