ब्यूरो,दैनिक हिमाचल न्यूज – किन्नौर जिले के पंचायत समिति के प्रथम पूर्व चेयरमैन एवं स्वर्गीय संग रत्न नेगी की स्मृति में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डीआईईटी), रिकांगपिओ परिसर में “संग रत्न नेगी मेमोरियल ट्रॉफी” प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में रिकांगपिओ क्षेत्र के विभिन्न राजकीय एवं निजी विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में ट्रिपिक पब्लिक स्कूल के शिवांश एवं वर्तिका ने प्रथम स्थान प्राप्त कर “संग रत्न नेगी मेमोरियल ट्रॉफी” अपने नाम की। वहीं उड़ान इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल के विवान एवं श्रेया श्री नेगी ने द्वितीय तथा किन्नौर पब्लिक स्कूल के हर्षिता एवं अद्वितीय ने तृतीय स्थान हासिल किया। विजेता विद्यार्थियों को ट्रॉफी एवं सम्मान प्रदान किया गया।

इस अवसर पर किन्नौर पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्या शदमयंती नेगी ने कहा कि इस प्रकार की शैक्षिक प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, तार्किक एवं विश्लेषणात्मक चिंतन, सामान्य ज्ञान तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर शैक्षिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों का आयोजन करता रहता है, ताकि विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का अवसर मिल सके।

उन्होंने सभी प्रतिभागियों के उत्साह और अनुशासित प्रदर्शन की सराहना करते हुए विजेता विद्यार्थियों को बधाई दी तथा अन्य विद्यार्थियों को भी भविष्य में पूरे समर्पण के साथ विभिन्न शैक्षिक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। साथ ही प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी विद्यालयों, शिक्षकों, निर्णायक मंडल, आयोजन समिति और अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

गौरतलब है कि स्वर्गीय संग रत्न नेगी शीतला सोसाइटी के समर्पित कार्यकर्ताओं में शामिल थे। उन्होंने सोसाइटी की विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय योगदान देने के साथ किन्नौर पब्लिक स्कूल के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शिक्षा के क्षेत्र में उनका योगदान आज भी प्रेरणास्रोत माना जाता है।


