पिता की स्मृति में लगाया आंवले का पौधा, दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज-  उपमंडल अर्की की ग्राम पंचायत जमरोटी के गांव बजीउन निवासी विशाल शर्मा ने अपने दिवंगत पिता स्वर्गीय ज्ञान चंद शर्मा की स्मृति में मोक्षधाम परिसर के समीप आंवले का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि अपने प्रियजनों की स्मृति में पौधारोपण करना सबसे सच्ची और स्थायी श्रद्धांजलि है।


विशाल शर्मा ने बताया कि पौधा केवल स्मृति का प्रतीक नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ पर्यावरण और हरियाली की अमूल्य धरोहर भी है। उन्होंने लोगों, विशेषकर युवाओं से अपने दिवंगत स्वजनों की स्मृति में कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।


उन्होंने कहा कि जिस प्रकार एक पौधा समय के साथ विकसित होकर समाज को छाया, फल और स्वच्छ वातावरण प्रदान करता है, उसी प्रकार अपनों की स्मृतियां भी जीवनभर प्रेरणा देती रहती हैं। यदि प्रत्येक परिवार अपने दिवंगत परिजनों की स्मृति में एक पौधा लगाए, तो इससे पर्यावरण संरक्षण को नई दिशा मिलेगी और हरियाली बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण योगदान होगा।
विशाल शर्मा की इस पहल की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है। स्थानीय लोगों ने इसे पर्यावरण संरक्षण के साथ सामाजिक जिम्मेदारी का प्रेरणादायी उदाहरण बताते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में पौधारोपण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page