ब्यूरो,दैनिक हिमाचल न्यूज- उपमंडल अर्की की ग्राम पंचायत शहरोल के कुईरू गांव में सोमवार रात हुए विवाद ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। बेटे और गांव के ही एक व्यक्ति के बीच हुए विवाद के दौरान बीच-बचाव करने पहुंची एक महिला की मौत हो गई। पुलिस ने मृतका के पुत्र की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को मंगलवार को अर्की न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक सोलन एस.डी. वर्मा ने बताया कि मृतका के पुत्र शुभम पुत्र गोविंद राम, निवासी गांव कुईरू, ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि सोमवार शाम करीब सात बजे वह घर के समीप सड़क पर टहलने गया था। रात करीब नौ बजे जब वह वापस लौट रहा था, तो रास्ते में गांव का ही अनु पुत्र विजय सिंह (44 वर्ष) मिला। शिकायत के अनुसार आरोपी पहले से ही उससे रंजिश रखता था और उसने शुभम का गला पकड़ लिया। शुभम किसी तरह वहां से छूटकर नीचे की ओर भागा और अपनी माता मीना देवी तथा पत्नी दीक्षा को फोन कर मौके पर बुलाया।
शिकायत के अनुसार जब तीनों आरोपी से झगड़े का कारण पूछने पहुंचे तो आरोपी ने दोबारा शुभम का गला पकड़ लिया। आरोप है कि उसने अपनी जेब से शराब की बोतल निकालकर शुभम पर हमला करने का प्रयास किया, लेकिन शुभम के बचाव करने पर बोतल जमीन पर गिरकर टूट गई। इसी दौरान बीच-बचाव करने पहुंचीं मीना देवी और दीक्षा ने शुभम को छुड़ाने का प्रयास किया। आरोप है कि आरोपी ने मीना देवी को धक्का दे दिया, जिससे वह पास में बने एक मकान के आंगन में करीब 10 फीट नीचे गिर गईं। गिरने से उनके सिर और नाक पर गंभीर चोटें आईं। वहीं, दीक्षा भी धक्का लगने से सीढ़ियों के पास गिर गईं।
घटना के बाद शुभम ने तुरंत 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। स्थानीय लोगों की मदद से घायल मीना देवी को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल अर्की पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आईजीएमसी शिमला भेज दिया।
एसपी सोलन ने बताया कि शुभम की शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मंगलवार को अर्की न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
उन्होंने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों तथा जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
