अर्की महाविद्यालय में नए विद्यार्थियों के लिए इंडक्शन कम ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज–  राजकीय महाविद्यालय अर्की में शैक्षणिक सत्र 2026-27 में प्रवेश लेने वाले नए विद्यार्थियों के लिए इंडक्शन कम ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, नियमों, सुविधाओं एवं विभिन्न छात्र कल्याण गतिविधियों की जानकारी देना था।


कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य सुनीता शर्मा के स्वागत संबोधन से हुआ। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, नियमित अध्ययन, नैतिक मूल्यों तथा सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों से महाविद्यालय की शैक्षणिक, सांस्कृतिक, खेलकूद एवं सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।


कार्यक्रम का संचालन डॉ. पारुल बेरी ने किया। इस दौरान महाविद्यालय के विभिन्न विभागों के प्राध्यापकों ने विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम, परीक्षा प्रणाली, पुस्तकालय, छात्रवृत्ति योजनाओं, करियर परामर्श, राष्ट्रीय सेवा योजना , राष्ट्रीय कैडेट कोर, रेड रिबन क्लब, इको क्लब, खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों सहित महाविद्यालय में उपलब्ध विभिन्न छात्र सहायता सेवाओं की जानकारी दी।


इसके अलावा विद्यार्थियों को एंटी रैगिंग एवं नशा विरोधी नियमों, महाविद्यालय की आचार संहिता तथा सुरक्षित एवं समावेशी परिसर के महत्व से भी अवगत कराया गया।
महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी यशपाल ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्यक्रम नये विद्यार्थियों को महाविद्यालय के शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक वातावरण से परिचित कराने तथा उन्हें नए शैक्षणिक सत्र के लिए तैयार करने की दिशा में उपयोगी साबित होगा। कार्यक्रम में महाविद्यालय के सभी शिक्षकों एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों ने भाग लिया।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page