सनवारा के समीप कार से 10.65 ग्राम चिट्टा बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- जिला पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट (एसआईयू) ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सनवारा के समीप नाकाबंदी के दौरान एक सलेरियो कार से 10.65 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद कर तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 22/23 जुलाई की मध्यरात्रि को एसआईयू टीम ने सनवारा के पास नाकाबंदी के दौरान एक सलेरियो कार को जांच के लिए रोका। तलाशी लेने पर कार में सवार तीन युवकों के कब्जे से 10.65 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।


गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वीरेंद्र कुमार उर्फ तनु (31) पुत्र स्वर्गीय हेम चंद निवासी न्यू कथेड, जिला सोलन, दीपक (25) पुत्र गोविंद निवासी न्यू कथेड, समीप एचआरटीसी वर्कशॉप, जिला सोलन तथा अजय कुमार (35) पुत्र ईश्वर दत्त निवासी गांव फ्लाई, डाकघर दामकड़ी, जिला सोलन के रूप में हुई है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को मौके पर ही नियमानुसार गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एफआईआर संख्या 116/2026 के तहत पुलिस थाना धर्मपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 एवं 29 के अंतर्गत मामला दर्ज किया। जांच के दौरान मामले में प्रयुक्त सलेरियो कार को भी जब्त कर पुलिस कब्जे में ले लिया गया है।


पुलिस ने तीनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से पांच दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त हुआ है। फिलहाल आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। साथ ही उनके पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है तथा यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद चिट्टा कहां से लाया गया था और इसकी आपूर्ति किन लोगों तक की जानी थी।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page