31 जुलाई तक मांगें पूरी नहीं हुईं तो बनाएंगे अगली रणनीति : सुरेश ठाकुर

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज-  जिला पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन ऊना की जिला कार्यकारिणी की बैठक शुक्रवार को पारस होटल में जिला अध्यक्ष हरमेश राणा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ अतिरिक्त महासचिव भूप राम वर्मा, मुख्य सलाहकार मोहन सिंह ठाकुर, मीडिया प्रभारी सैन राम नेगी, कोषाध्यक्ष सेठ राम तथा जिला कांगड़ा के अध्यक्ष एवं संयोजक रविंद्र सिंह राणा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।


बैठक का संचालन जिला महासचिव प्रेम शर्मा ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान से हुई तथा दिवंगत आत्माओं की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष सुरेश ठाकुर ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के साथ 13 मई 2026 को हुई बैठक की जानकारी देते हुए पेंशनरों की मांगों पर सरकार द्वारा दिए गए आश्वासनों और लंबित मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि यदि 31 जुलाई 2026 तक लंबित मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो संघर्ष समिति अगली रणनीति तय करेगी। उन्होंने सभी पेंशनरों से 8 अगस्त को शाहपुर (कांगड़ा) में होने वाले प्रदेश स्तरीय वार्षिक सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया।


अतिरिक्त महासचिव भूप राम वर्मा ने बताया कि सरकार को दिए गए 14 सूत्रीय मांग पत्र में शामिल 18 संगठनों की छह मांगों को आंशिक रूप से पूरा किया गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा 1 जनवरी 2016 से 31 जनवरी 2022 तक सेवानिवृत्त पेंशनरों को 40 प्रतिशत लीव इनकैशमेंट और ग्रेच्युटी देने के आश्वासन को शीघ्र लागू करने की मांग की। साथ ही चिकित्सा बिलों के भुगतान के लिए सरकार का आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने 15 अगस्त से पहले पेंशनरों और कर्मचारियों को महंगाई भत्ते (डीए) की दो किस्तें जारी करने की मांग भी उठाई।


मीडिया प्रभारी सैन राम नेगी ने पेंशनरों से सोशल मीडिया के माध्यम से संगठन से जुड़ने और अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने का आग्रह किया, ताकि संगठन की आवाज और प्रभाव को मजबूत बनाया जा सके।
मुख्य सलाहकार मोहन सिंह ठाकुर ने कहा कि यह संगठन पूरी तरह गैर-राजनीतिक है और इसमें विभिन्न विचारधाराओं से जुड़े पेंशनर शामिल हैं। उन्होंने कहा कि जब तक पेंशनरों की सभी लंबित देनदारियों का भुगतान नहीं हो जाता, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।


जिला कांगड़ा के संयोजक रविंद्र सिंह राणा ने ब्लॉक स्तर पर सदस्यता अभियान चलाने और नियमित बैठकों के आयोजन पर बल दिया, ताकि पेंशनरों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाया जा सके।
बैठक में ऊना जिले के छह ब्लॉकों के पदाधिकारियों सहित वरिष्ठ उपाध्यक्ष अशोक धीमान, चमन अहीर, दिलावर चौधरी, कुलदीप राणा, अजमेर सिंह, मोहिंदर सिंह, जगपाल जसवाल, मेहर चंदेल, अशोक ठाकुर, हरदीप ठाकुर, कुशल सिंह, शशि बाला, सुनीता ठाकुर, डी.डी. ठाकुर, बी.डी. जोशी सहित 203 पेंशनरों ने भाग लिया।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page