प्रदेश सरकार का यह कैसा व्यवस्था परिवर्तन? ग्रामीण क्षेत्रों की बसें बंद कर जनता को किया जा रहा परेशान : गोविंदराम शर्मा

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- पूर्व विधायक अर्की गोविंदराम शर्मा ने प्रदेश सरकार पर ग्रामीण क्षेत्रों की बस सेवाएं बंद करने को लेकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा किए जा रहे तथाकथित “व्यवस्था परिवर्तन” का खामियाजा अब ग्रामीण क्षेत्रों की जनता को भुगतना पड़ रहा है।


गोविंदराम शर्मा ने कहा कि लंबे समय से संचालित हो रही कई महत्वपूर्ण बस सेवाओं को एचआरटीसी द्वारा बंद कर दिया गया है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों तथा मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि चंडीगढ़-भराड़ीघाट, शिमला-जामली, प्रेमनगर-बातल-देवरा रूट की बसें बंद कर दी गई हैं। इसके अलावा बागा-दिल्ली बस सेवा को भी केवल चंडीगढ़ तक सीमित कर दिया गया है, जिससे दूर-दराज के क्षेत्रों के लोगों को दिल्ली आने-जाने में भारी असुविधा हो रही है।


पूर्व विधायक ने कहा कि सरकार को आम जनता की समस्याओं को समझते हुए इन बस सेवाओं को तत्काल प्रभाव से पुनः बहाल करना चाहिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है, लेकिन वर्तमान सरकार सुविधाएं बढ़ाने के बजाय उन्हें लगातार कम कर रही है।


गोविंदराम शर्मा ने प्रदेश सरकार और एचआरटीसी प्रबंधन से मांग की कि जनहित को ध्यान में रखते हुए बंद की गई सभी बस सेवाओं को शीघ्र पुनः शुरू किया जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को राहत मिल सके।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page