अर्की में रोजगार मेले में युवाओं को मिले नौकरी के अवसर, 110 से अधिक ने कराया पंजीकरण

बीबीएन की निजी कंपनियों ने लिए साक्षात्कार, कई युवाओं को मौके पर मिला रोजगार।

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- मिशन रोजगार हिमाचल के तहत गुरुवार को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) अर्की में रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में आसपास की एक दर्जन पंचायतों से पहुंचे 110 से अधिक युवाओं ने पंजीकरण करवाकर विभिन्न निजी कंपनियों में रोजगार के लिए साक्षात्कार दिए।


रोजगार मेले का आयोजन बद्दी की हिमालया जनकल्याण समिति के सहयोग से किया गया। बीबीएन (बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़) औद्योगिक क्षेत्र की कई प्रतिष्ठित कंपनियों ने मेले में भाग लेते हुए युवाओं का मौके पर ही साक्षात्कार लिया। इससे स्थानीय युवाओं को बिना किसी अतिरिक्त खर्च के सीधे उद्योग प्रतिनिधियों से मिलने और रोजगार के अवसर प्राप्त करने का मौका मिला।


मिशन रोजगार हिमाचल के प्रांत संयोजक डॉ. रणेश राणा और लघु उद्योग संघ के चेयरमैन राजीव कंसल ने कहा कि मिशन रोजगार का उद्देश्य पंचायत स्तर तक पहुंचकर बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि रोजगार मेले उद्योगों की जरूरत और युवाओं की योग्यता के बीच प्रभावी कड़ी का काम कर रहे हैं। भविष्य में इस अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा, ताकि युवाओं को रोजगार के लिए पलायन न करना पड़े।

मेले की प्रभारी डिंपल परमार ने बताया कि रोजगार मेले का उद्देश्य क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं और महिलाओं को प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि हिमालया जनकल्याण समिति द्वारा अब तक तीन दर्जन से अधिक रोजगार मेलों का आयोजन किया जा चुका है, जिनके माध्यम से बड़ी संख्या में युवाओं को निजी कंपनियों में रोजगार मिला है। उन्होंने बताया कि मेले में बी.टेक, एमबीए, आईटीआई, डिप्लोमा और 12वीं पास युवाओं ने भाग लिया, जिनके लिए अलग-अलग श्रेणियों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए।


डिंपल परमार ने बताया कि रोजगार मेले में 110 से अधिक युवाओं ने पंजीकरण करवाया। इनमें एम्ब्रोज ऑटोकैम लिमिटेड ने 12 युवाओं का चयन किया, जबकि इवान सिक्योरिटी ने 40 युवाओं को शॉर्टलिस्ट कर दो युवतियों को मौके पर ही ऑफर लेटर दिए। ईपीएल लिमिटेड ने 20 युवाओं का चयन किया तथा डिजिटल एजुकेशन, बद्दी ने 40 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए बुलाया है।


रोजगार मेले में एनफोर्स ऑटोटेक लिमिटेड, एम्ब्रोज ऑटोकैम लिमिटेड, इवान सिक्योरिटी, ईपीएल लिमिटेड, डिजिटल एजुकेशन, एमवीएम इंडस्ट्रीज और माइलस्टोन सहित कई कंपनियों ने भाग लिया। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने चयनित युवाओं से ईमानदारी और लगन से कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि बीबीएन औद्योगिक क्षेत्र में मेहनत और कौशल के बल पर बेहतर भविष्य बनाया जा सकता है।
इस अवसर पर आईटीआई अर्की से राजेश कश्यप, भावना, स्वर्णा देवी, अरविंद, सौरभ शर्मा, नीरज, प्रवेश, रवीना सहित अन्य स्टाफ सदस्य भी उपस्थित रहे।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page