ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- राजकीय महाविद्यालय दाड़लाघाट में गुरुवार को प्रथम वर्ष के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नए विद्यार्थियों का महाविद्यालय परिवार में स्वागत करते हुए उन्हें महाविद्यालय की शैक्षणिक, सह-शैक्षणिक एवं अन्य गतिविधियों की जानकारी देना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. रुचि रमेश ने अध्यक्षता करते हुए नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों से महाविद्यालय जीवन का पूरा लाभ उठाने, अनुशासन बनाए रखने तथा शिक्षा के साथ व्यक्तित्व विकास और सामाजिक उत्तरदायित्व को भी अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के सभी प्राध्यापकों ने अपना परिचय दिया और अपने-अपने विभागों की जानकारी साझा की। विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम, आंतरिक मूल्यांकन प्रणाली, समय-सारिणी, उपस्थिति नियम, परीक्षा प्रणाली तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रमुख प्रावधानों से भी अवगत कराया गया।
इसके अलावा विद्यार्थियों को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), रोवर्स एंड रेंजर्स, रेड रिबन क्लब, रेड क्रॉस, ईको क्लब, विषय सोसायटी, खेलकूद गतिविधियों तथा अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की जानकारी दी गई, ताकि वे अपनी रुचि के अनुसार इनमें भाग ले सकें।

कार्यक्रम में सहायक लाइब्रेरियन ने पुस्तकालय की सदस्यता, पुस्तक निर्गमन एवं वापसी की प्रक्रिया, पुस्तकालय के नियम, डिजिटल संसाधनों तथा संदर्भ सामग्री के उपयोग की जानकारी दी। साथ ही विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन के लिए पुस्तकालय का अधिक से अधिक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों के साथ संवाद कर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। महाविद्यालय परिवार की ओर से सभी नवप्रवेशित विद्यार्थियों को मिष्ठान वितरित किया गया। उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न इस कार्यक्रम को विद्यार्थियों ने उपयोगी एवं प्रेरणादायक बताया।


