अर्की के ऐतिहासिक चौगान में पीडब्ल्यूडी विभाग का 64वां विशाल दंगल संपन्न, बड़ी माली जितेंद्र और छोटी माली भूपेंद्र के नाम

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- महावीर दंगल समिति एवं लोक निर्माण विभाग मंडल अर्की द्वारा ऐतिहासिक चौगान मैदान में 64वें विशाल दंगल का आयोजन बड़े उत्साह और धूमधाम के साथ किया गया। दंगल में हिमाचल प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से पहुंचे नामी पहलवानों ने अपने दमदार दांव-पेंच का प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।


दंगल के शुभारंभ से पूर्व समिति के सदस्यों ने हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की तथा नगर परिक्रमा निकाली। इसके उपरांत आयोजित दंगल में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर मुकाबलों का आनंद लिया।


कार्यक्रम में अर्की विधानसभा क्षेत्र के विधायक संजय अवस्थी ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्रवासियों को मेले एवं दंगल की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मेले हमारी समृद्ध संस्कृति और परंपराओं के परिचायक हैं।

उन्होंने कहा कि परंपरागत खेलों को संजोए रखना हम सभी का कर्तव्य है तथा ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि दंगल भारतीय संस्कृति की प्राचीन खेल परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है और आधुनिक कुश्ती की जड़ें भी इसी परंपरा से जुड़ी हैं। उन्होंने महावीर दंगल समिति को अपनी ओर से 21 हजार रुपये की सहयोग राशि देने की घोषणा भी की


दंगल के मुकाबलों में छोटी माली के लिए धामी के भूपेंद्र पहलवान और कोलका के कुलवंत पहलवान के बीच जोरदार मुकाबला हुआ, जिसमें भूपेंद्र ने जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया। विजेता को 6100 रुपये तथा उपविजेता को 5100 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।


वहीं बड़ी माली के रोमांचक मुकाबले में पथरेड़ी के जितेंद्र पहलवान ने दिल्ली के रोहित पहलवान को पराजित कर खिताब पर कब्जा जमाया। विजेता को 11 हजार रुपये, गुर्ज एवं सम्मान चिन्ह तथा उपविजेता को 10 हजार रुपये और शॉल देकर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस अर्की के अध्यक्ष सतीश कशयप, डीएसपी दाड़लाघाट नवीन झालटा, लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता कृष्ण कांत चौहान, नगर पंचायत के जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page