ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- अर्की उपमण्डल की ग्राम पंचायत भूमती के ग्राम धैणी से सम्बन्ध रखने वाले क्रिकेट खिलाड़ी सुमीत वर्मा (गप्पू) ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम की है। हिमाचल प्रदेश रणजी टीम के पूर्व कप्तान रहे सुमीत अब पुरुष टी-20 विश्व कप अफ्रीका क्वालिफायर प्रतियोगिता में युगांडा टीम से खेलते नज़र आएंगे। यह प्रतियोगिता दक्षिण अफ्रीका में आयोजित की जाएगी।

सुमीत वर्तमान में अपने परिवार सहित शिमला में रह रहे हैं।वर्षों तक हिमाचल प्रदेश की रणजी टीम की ओर से शानदार प्रदर्शन करने और कप्तानी के दौरान कई अहम जीत दर्ज करने के बाद अब उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर युगांडा की ओर से खेलने का अवसर मिला है। यह न केवल उनके खेल कौशल का प्रमाण है बल्कि प्रदेश के लिए भी गर्व की बात है।

ग्राम पंचायत भूमती के प्रधान योगेश गौतम ने कहा कि सुमीत वर्मा ने अपनी मेहनत और लगन से क्षेत्र का नाम रोशन किया है। यह उपलब्धि पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है।

उनकी इस उपलब्धि से धैणी गाँव, भूमती पंचायत और पूरे अर्की क्षेत्र में हर्ष की लहर है। सुमीत के अर्की से जुड़े मित्रों प्रवीण ठाकुर, देवेन, पुष्पेंद्र, सचिन, पंकज, योगेंद्र, पवन,जेडी राजपूत,सुनील,उदय सहित अन्य ने उन्हें हार्दिक बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

स्थानीय खेल प्रेमियों का कहना है कि सुमीत वर्मा ने अपने कठिन परिश्रम और संघर्ष के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। सभी को उम्मीद है कि वह अपने शानदार खेल से युगांडा टीम को सफलता दिलाएंगे और प्रदेश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे।






