
ब्यूरो,दैनिक हिमाचल न्यूज़:-(दाड़लाघाट) जागृति महिला एग्रो मार्केटिंग सहकारी संस्था दाड़लाघाट के सौजन्य से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मांगू में एक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।इस शिविर में नशा निवारण,घरेलू हिंसा से उत्पन्न पारिवारिक विघटन और बेटी है अनमोल पर संस्था की समाजसेवियों ने सारगर्भित जानकारी दी।संस्था की समाज सेवी नीलम शर्मा,रीना और विमला ने छात्रों एवं स्टाफ को बताया कि नशे रूपी जहर से दिन प्रतिदिन समाज खोखला होता जा रहा है,अक्सर किशोर एवं युवा इसकी चपेट में आकर अपना जीवन बर्बाद कर लेते हैं।वहीं संस्था की समाजसेवियों ने घरेलू हिंसा से उत्पन्न पारिवारिक विघटन पर अपने विचार व्यक्त किए।नशे के प्रयोग से भी घरेलू हिंसा में उत्तरोत्तर वृद्धि होती जा रही है और परिवार टूटते जा रहे हैं।साथ ही उन्होंने समाज में बेटियों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा की बेटियां अपने परिवार के सदस्यों से अत्यधिक स्नेह व ममता रखती हैं।ऐसे में परिवार का भी कर्तव्य बनता है कि उन्हें उनके लक्ष्य ताप्ती के लिए अच्छी से अच्छी गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाकर उनके मार्गदर्शक बने।विद्यालय के वरिष्ठ प्रवक्ता टीसी ठाकुर और प्रधानाचार्य सत्यवती ने संस्था द्वारा दी गई इस जानकारी पर उनका धन्यवाद किया और सभी विद्यार्थियों को इस जानकारी को घर द्वार तक ले जाने का आह्वान किया।इस अवसर पर विद्यालय की सभी विद्यार्थियों के साथ-साथ समस्त शिक्षक एवं गैर शिक्षक कर्मचारी मौजूद रहे।





