ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- राज्य पेंशनर्ज कल्याण संगठन की अर्की इकाई की बैठक कृष्ण सिंह चौहान की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक की जानकारी देते हुए संगठन के महासचिव राजेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि बैठक में पेंशनरों से जुड़ी विभिन्न लंबित मांगों एवं समस्याओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।

बैठक में सदस्यों ने रोष प्रकट करते हुए कहा कि 1 जनवरी 2016 से 31 जनवरी 2022 के बीच सेवानिवृत्त हुए पेंशनरों के संशोधित कम्युटेशन के देय एरियर को लेकर सरकार की ओर से अभी तक कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया है। उन्होंने कहा कि पेंशनरों के लंबित मेडिकल बिलों का भुगतान भी आश्वासन मिलने के बावजूद नहीं किया जा रहा है। बैठक में यह मुद्दा भी उठाया गया कि 1 जनवरी 2022, 1 जुलाई 2022, 1 जनवरी 2023, 1 जुलाई 2023 तथा 1 जनवरी 2024 से देय महंगाई भत्ते की जारी किश्तों का एरियर अभी तक पेंशनरों को नहीं मिला है। सदस्यों ने सरकार से मांग की कि उक्त एरियर का शीघ्र भुगतान किया जाए। इसके साथ ही 13 प्रतिशत लंबित महंगाई भत्ते की किश्तें भी जल्द जारी की जाएं, ताकि पेंशनरों को राहत मिल सके। बैठक में महासचिव राजेंद्र कुमार शर्मा के अतिरिक्त डॉ. हेतराम वर्मा, विजाराम ठाकुर, धनीराम ठाकुर, भगत राम, किरण शर्मा और धनीराम गर्ग सहित अन्य पेंशनर उपस्थित रहे।



