ब्यूरो,दैनिक हिमाचल न्यूज़:- (दाड़लाघाट) शिमला-मंडी नेशनल हाईवे-205 पर हिमाचल प्रदेश पर्यटन विभाग के होटल भराड़ीघाट से सौ मीटर की दूरी में आज सांय करीब 6:45 बजे अज्ञात वाहन की चपेट में आ जाने से एक तेंदुआ घायल हो गया।

अज्ञात वाहन की चपेट में आने से तेंदुआ बुरी तरह से घायल हो गया तथा बीच सड़क पर बेसुध हालत में पड़ा रहा। हालांकि कुछ देर बाद मौके पर लोगों का जमावड़ा लग गया। स्थानीय लोगों ने वन विभाग की टीम व पुलिस थाना दाड़लाघाट को सूचित किया।सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई।


फिलहाल घायल तेंदुए का रेस्क्यू कर लिया गया है व पशु चिकित्सालय दाड़लाघाट में उपचार करने हेतु लाया जा रहा है। तेंदुआ किस वाहन की चपेट में आया है इसकी अभी कोई जानकारी नहीं लग पाई है,लेकिन पुलिस व वन विभाग की टीम अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है। मौके पर वन विभाग की टीम में आरओ हीरा लाल शर्मा,वन खंड अधिकारी सत्या देव शुक्ला,वन रक्षक संजय कुमार मौजूद रहे।

