सामाजिक कार्यकर्ता प्रदीप कुमार ने उठाया मामला, रिक्त पद भरने की मांग।
ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज। दाड़लाघाट उपतहसील के पांच पटवार वृत्तों में पटवारियों के पद रिक्त होने और इन्हें भरने के लिए उच्चाधिकारियों को पत्र लिखे जाने के संबंध में अलग-अलग जानकारी सामने आई है। ग्राम पंचायत सूरजपुर निवासी सामाजिक कार्यकर्ता प्रदीप कुमार ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायत और सूचना का अधिकार (आरटीआई) के तहत प्राप्त जानकारी के आधार पर यह मामला मीडिया के समक्ष उठाया है।

प्रदीप कुमार के अनुसार, उन्होंने 18 जुलाई, 2026 को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करवाई थी। इसके जवाब में प्रशासन की ओर से बताया गया कि दाड़लाघाट उपतहसील के अंतर्गत कुल 12 पटवार वृत्त हैं, जिनमें से पांच में पटवारियों के पद रिक्त हैं। इनमें मांगल, बेरल, धुंधन, कश्लोग और सरयांज पटवार वृत्त शामिल हैं। शिकायत के जवाब में यह भी बताया गया था कि कामकाज सुचारू रूप से चलाने के लिए नियुक्त पटवारियों को रिक्त पटवार वृत्तों में तीन दिन कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, रिक्त पदों को भरने के लिए उच्चाधिकारियों को पत्र लिखे जाने की जानकारी दी गई थी।
इसके बाद प्रदीप कुमार ने इस संबंध में सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत जानकारी मांगी। पांच अक्तूबर, 2026 को उपायुक्त कार्यालय सोलन की एसके शाखा से प्राप्त जवाब में दाड़लाघाट उपतहसील के 12 पटवार वृत्तों में से पांच में पटवारियों के पद रिक्त होने की पुष्टि की गई।
हालांकि, जब यह पूछा गया कि क्या नायब तहसीलदार दाड़लाघाट की ओर से रिक्त पदों को भरने के लिए उच्चाधिकारियों को कोई लिखित आग्रह भेजा गया है, तो जवाब में बताया गया कि नायब तहसीलदार दाड़लाघाट की ओर से ऐसा कोई आधिकारिक पत्र उपायुक्त कार्यालय की संबंधित शाखा को प्राप्त नहीं हुआ है। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के जवाब में उच्चाधिकारियों को पत्र लिखने की बात और आरटीआई के जवाब में संबंधित शाखा को पत्र प्राप्त नहीं होने की जानकारी के बीच अंतर सामने आया है। हालांकि, आरटीआई के जवाब से यह स्पष्ट नहीं होता कि पत्र किसी अन्य कार्यालय या अधिकारी को भेजा गया था या नहीं।
सामाजिक कार्यकर्ता प्रदीप कुमार ने मांग की है कि प्रशासन इस अंतर की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करे और पांचों पटवार वृत्तों में रिक्त पदों को भरने के लिए की गई कार्रवाई की जानकारी सार्वजनिक करे। उन्होंने कहा कि पटवारियों के पद रिक्त रहने से संबंधित क्षेत्रों के लोगों को राजस्व संबंधी कार्य करवाने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। वहीं, अन्य पटवारियों पर अतिरिक्त कार्यभार पड़ने से कामकाज भी प्रभावित हो सकता है।
बॉक्स में…
इस मामले में नायब तहसीलदार दाड़लाघाट कार्यालय का पक्ष जानने के लिए दूरभाष के माध्यम से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन कार्यालय में किसी ने भी फोन कॉल रिसीव नहीं की। इस कारण संबंधित पक्ष का बयान नहीं मिल सका।
प्रदीप कुमार ने संबंधित विभाग से रिक्त पदों को भरने की दिशा में आवश्यक कदम उठाने और मामले में स्थिति स्पष्ट करने का आग्रह किया है।


