ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- उपमंडल अर्की के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बसंतपुर की छात्राओं ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कंडाघाट में आयोजित अंडर-19 गर्ल्स एथलेटिक्स प्रतियोगिता में अच्छा प्रदर्शन किया। विद्यालय के कार्यकारी प्रधानाचार्य लेखराम पंवर ने यह जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता में विद्यालय की पांच छात्राओं ने विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं में भाग लिया।

उन्होंने बताया कि लक्ष्मी ने जैवलिन थ्रो में प्रथम तथा चांदनी ने हाई जंप में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं खुशबू ने डिस्कस थ्रो में तृतीय स्थान प्राप्त किया। सुमन और भूमिका का प्रदर्शन भी सराहनीय रहा। लक्ष्मी और चांदनी का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए जिला सोलन की टीम में हुआ है। दोनों छात्राएं धर्मशाला, जिला कांगड़ा में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में भाग लेंगी।

लेखराम पंवर ने बताया कि प्रतियोगिता के बाद विद्यालय पहुंचने पर छात्राओं का अध्यापक वर्ग द्वारा स्वागत किया गया। उन्होंने छात्राओं को बधाई देते हुए उनके मार्गदर्शक पीटीआई संजीव कुमार तथा एस्कॉर्ट टीचर पुष्पलता के प्रयासों की भी सराहना की।
उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ खेल भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और मेहनत की भावना विकसित होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।



