एनएसएस, एनसीसी व ईको क्लब के विद्यार्थियों ने चलाया सफाई अभियान, 42 किलोग्राम प्लास्टिक कचरा किया एकत्र।
ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज – राजकीय महाविद्यालय दिग्गल में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई, राष्ट्रीय कैडेट कोर एवं ईको क्लब के संयुक्त तत्वावधान में ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत विशेष स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं स्थानीय समुदाय में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा कचरे के उचित प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

अभियान में महाविद्यालय के एनएसएस स्वयंसेवकों, एनसीसी कैडेट्स एवं ईको क्लब के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने महाविद्यालय परिसर तथा आसपास के क्षेत्रों में सफाई अभियान चलाते हुए विभिन्न स्थानों से कूड़ा-कचरा एकत्र किया और रास्तों व सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई की। इस दौरान विशेष रूप से प्लास्टिक कचरे के संग्रहण एवं उसके उचित निस्तारण पर ध्यान केंद्रित किया गया। विद्यार्थियों के सामूहिक प्रयासों से करीब 42 किलोग्राम प्लास्टिक कचरा एकत्र किया गया।

एकत्रित प्लास्टिक कचरे को केवल एक स्थान पर जमा करने तक सीमित न रखते हुए उसके पुनर्चक्रण (रीसाइक्लिंग) की दिशा में भी पहल की गई। कचरे को ग्राम पंचायत प्रधान को सौंपा गया, ताकि उसे उचित प्रक्रिया के माध्यम से पुनर्चक्रण के लिए भेजा जा सके।
अभियान के दौरान विद्यार्थियों ने लोगों को सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फैलाने, प्लास्टिक के अनावश्यक इस्तेमाल से बचने तथा कचरे का उचित स्थान पर निस्तारण करने के लिए जागरूक किया। विद्यार्थियों ने संदेश दिया कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि सभी की दैनिक जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. हेतराम भारद्वाज ने एनएसएस स्वयंसेवकों, एनसीसी कैडेट्स एवं ईको क्लब के विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग की सामूहिक सहभागिता से ही इसे प्रभावी बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के डॉ. सुदर्शना शर्मा, प्रो. धर्मेंद्र कुमार, डॉ. सुनीता शर्मा, डॉ. नरेश कुमार, डॉ. मिलनप्रीत कौर, प्रो. रीतू शर्मा, प्रो. राहुल सहित सहायक पुस्तकालयाध्यक्ष अंजना वर्मा, अधीक्षक पूर्णचंद ठाकुर तथा लिपिक सीताराम उपस्थित रहे।



