ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- उपमंडल अर्की के अंतर्गत राजकीय उच्च विद्यालय लड़ोग के विद्यार्थियों ने 25 व 26 सितंबर को पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दाड़लाघाट में आयोजित चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में विद्यालय की ओर से कक्षा आठवीं के छात्र भरत ने इनोवेटिव साइंस मॉडल प्रतियोगिता में तृतीय स्थान हासिल किया।

चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस में विद्यालय के कुल आठ विद्यार्थियों ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने जूनियर साइंस क्विज, सीनियर साइंस क्विज, मैथमेटिकल ओलंपियाड और इनोवेटिव साइंस मॉडल सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
विद्यार्थियों ने यशपाल वर्मा और सरोज कुमारी के मार्गदर्शन में प्रतियोगिता की तैयारी की। दोनों अध्यापकों के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इनोवेटिव साइंस मॉडल में भरत का तृतीय स्थान हासिल करना विद्यालय के लिए विशेष उपलब्धि रही।
प्रतियोगिता से लौटने पर भरत का विद्यालय परिवार की ओर से स्वागत किया गया। शिक्षकों और विद्यार्थियों ने उसकी उपलब्धि पर खुशी जताते हुए उसे बधाई दी। विद्यालय परिवार ने कहा कि भरत की सफलता से अन्य विद्यार्थियों को भी विज्ञान एवं नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
इस चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस में अर्की उपमंडल के करीब 77 सरकारी एवं निजी विद्यालयों ने भाग लिया। ऐसे में प्रतियोगिता में स्थान हासिल करना विद्यालय के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है।
विद्यालय प्रशासन एवं समस्त विद्यालय परिवार ने भरत सहित प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों को बधाई दी। साथ ही विद्यार्थियों के मार्गदर्शक यशपाल वर्मा और सरोज कुमारी के प्रयासों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


