ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज-भारतीय जीवन बीमा निगम की यूनिट मीटिंग का आयोजन कुनिहार में किया गया। बैठक में शाखा प्रबंधक सुनील गौड़, सहायक शाखा प्रबंधक शिल्पा, विकास अधिकारी मोनिका शर्मा, अमित शर्मा एवं ऋषभ दत्ता सहित एलआईसी के अभिकर्ताओं ने भाग लिया।

बैठक के दौरान अभिकर्ताओं को भारतीय जीवन बीमा निगम के नवीनतम बीमा प्लान, विशेष रूप से बीमा प्लेटिनम एवं जीवन साथी के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। साथ ही विभिन्न नए उत्पादों की विशेषताओं, उनके लाभों तथा ग्राहकों की आवश्यकताओं के अनुरूप बीमा योजनाओं के चयन को लेकर चर्चा की गई।
शाखा प्रबंधक सुनील गौड़ ने अभिकर्ताओं को अधिक से अधिक लोगों तक जीवन बीमा की उपयोगिता एवं आवश्यकता की जानकारी पहुंचाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बीमा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ लोगों को उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप बीमा योजनाओं की जानकारी उपलब्ध करवाना महत्वपूर्ण है।
बैठक में अभिकर्ताओं ने अपने अनुभव साझा किए और नए व्यवसाय को बढ़ाने से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले अभिकर्ताओं को पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
बैठक का उद्देश्य टीम में नई ऊर्जा का संचार करने, नए बीमा उत्पादों की जानकारी देने तथा अधिक से अधिक परिवारों को जीवन बीमा सुरक्षा से जोड़ना रहा। कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए किया गया।


