बाल विज्ञान कांग्रेस में पीएम श्री एससीवीटी सीबीएसई विद्यालय अर्की ने हासिल किया प्रथम स्थान

स्मार्ट हिमालयन विलेज’ मॉडल ने दिलाई शानदार सफलता।

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज। पीएम श्री एससीवीटी सीबीएसई राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अर्की के विद्यार्थियों ने बाल विज्ञान कांग्रेस में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए इनोवेटिव प्रोजेक्ट प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। विद्यार्थियों ने अपने अभिनव मॉडल के माध्यम से वैज्ञानिक सोच और तकनीकी नवाचार का प्रभावी प्रदर्शन किया।

बाल विज्ञान कांग्रेस का आयोजन जीएसएसएस दाड़लाघाट में किया गया, जहां विद्यालय के विद्यार्थियों ने ‘स्मार्ट हिमालयन विलेज’ विषय पर आधारित मॉडल प्रस्तुत किया। मॉडल में वर्षा जल संचयन, स्वचालित सिंचाई, जल के पुनः उपयोग और अग्नि सुरक्षा प्रणाली जैसी उपयोगी एवं आधुनिक अवधारणाओं को शामिल किया गया था। विद्यार्थियों ने मॉडल के माध्यम से हिमालयी क्षेत्रों में जल संरक्षण, कृषि और सुरक्षा व्यवस्था को तकनीक से जोड़ने की संभावनाओं को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
इनोवेटिव प्रोजेक्ट को ज्योतिर्मय ठाकुर एवं ध्रुव चंदेल ने प्रस्तुत किया। वहीं, विज्ञान क्विज प्रतियोगिता में विद्यालय के प्रतिभागी हेमंत सहगल एवं लक्ष्य ने तृतीय स्थान हासिल किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य हेमराज गौर ने विद्यार्थियों को इस उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने मेंटोर दीपक शर्मा सहित पूरी टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की वैज्ञानिक गतिविधियां विद्यार्थियों में रचनात्मकता, नवाचार और समस्या-समाधान की क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी विज्ञान एवं नवाचार से जुड़ी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page