ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- विश्व पर्यटन दिवस के उपलक्ष्य में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सायरी में व्यावसायिक शिक्षा पर्यटन संकाय की ओर से फूड फेस्टिवल ‘हिम विरासत’ का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न भारतीय, चाइनीज और पारंपरिक हिमाचली व्यंजनों को तैयार कर अपनी पाक कला का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में जिऑन होटल शिमला के महाप्रबंधक मनोज शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। ग्राम पंचायत सायरी के प्रधान वीरेंद्र जसवाल, पंचायत समिति सदस्य भागेश राठौर, विद्यालय प्रबंधन समिति अध्यक्ष ज्योति कश्यप, उपाध्यक्ष धर्मसिंह, मुख्य सलाहकार पवन ठाकुर तथा होटल जिऑन के खाद्य एवं पेय प्रबंधन से सुरेश शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
फूड फेस्टिवल में छह स्टॉल लगाए गए, जिनमें भारतीय और चाइनीज व्यंजनों के साथ सिड्डू, पटांडे सहित विभिन्न हिमाचली पकवान आकर्षण का केंद्र रहे। गर्मागर्म छोले-भटूरे की सबसे अधिक मांग रही। अतिथियों ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न व्यंजनों का स्वाद चखा और उनकी पाक कला की सराहना की।
मुख्य अतिथि मनोज शर्मा ने पर्यटन व्यवसाय में अपने लंबे अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को पर्यटन क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार एवं करियर के अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को पर्यटन उद्योग से जुड़ी व्यावहारिक जानकारी भी प्रदान की।
प्रतियोगिता में अतिथियों की अनुशंसा के आधार पर स्नेहा और योगेश को प्रथम तथा कृतिका और नव्या को द्वितीय पुरस्कार प्रदान किया गया। प्रधानाचार्य आत्माराम रंजन ने मुख्य अतिथि मनोज शर्मा को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के संयोजक व्यावसायिक शिक्षा पर्यटन संकाय के शिक्षक मोहिंद्र भारद्वाज रहे। अंग्रेजी प्रवक्ता तरुण नेस्टा और सूचना प्रौद्योगिकी शिक्षक नितिन शर्मा ने आयोजन समिति के सदस्य के रूप में सहयोग दिया। प्रधानाचार्य आत्माराम रंजन ने सफल आयोजन के लिए आयोजन समिति और विद्यार्थियों को बधाई दी तथा सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।



