ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज-जिला स्तरीय जूडो एवं कुराश प्रतियोगिता में डीसीएम लैंड ऑफ गॉड्स स्कूल के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न भार वर्गों में कई पदक अपने नाम किए। प्रतियोगिता में स्कूल की लड़कियों की जूडो टीम ने ओवरऑल विजेता ट्रॉफी हासिल की, जबकि लड़कों की टीम ने ओवरऑल तीसरा स्थान प्राप्त किया।

प्रतियोगिता में काव्यांश ने 28 किलोग्राम भार वर्ग में जूडो और कुराश दोनों में स्वर्ण पदक जीतकर दोहरी सफलता हासिल की। वहीं मोक्षिता ने 44 किलोग्राम भार वर्ग में जूडो और कुराश दोनों में स्वर्ण पदक अपने नाम किए। याशिका ने 27 किलोग्राम भार वर्ग में जूडो में स्वर्ण पदक हासिल किया।
लावण्या ने 36 किलोग्राम, अवनी ने 32 किलोग्राम और गुंजन ने 48 किलोग्राम भार वर्ग में जूडो एवं कुराश दोनों में रजत पदक जीते। शौर्य ठाकुर ने 40 किलोग्राम भार वर्ग में जूडो में रजत पदक हासिल किया।
इसके अलावा उत्कर्ष ने 48 किलोग्राम तथा सूर्यांश भार्गव ने 44 किलोग्राम भार वर्ग में जूडो में कांस्य पदक जीते। खिलाड़ियों के इस प्रदर्शन से विद्यालय में खुशी का माहौल है।
स्कूल के प्रधानाचार्य डॉ. संजय गुप्ता ने सभी खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धियों पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों ने मेहनत, अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेकर विद्यालय को गौरवान्वित किया है। उन्होंने विद्यार्थियों को खेलों में निरंतर मेहनत करने तथा आगामी प्रतियोगिताओं में भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।


