ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने चुनाव विभाग के कार्यालय पर हुए हमले की निंदा करते हुए इसे कायराना कृत्य बताया है। शिमला से जारी बयान में उन्होंने आरोप लगाया कि कार्यालय में अराजकता फैलाने, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और कर्मचारियों के साथ अभद्रता करने की घटना दुर्भाग्यपूर्ण है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था के खिलाफ इस तरह की टिप्पणियां करना भी उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश की संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर और प्रधानमंत्री के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां करके कांग्रेस राहुल गांधी को दोबारा राजनीतिक रूप से स्थापित करने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने कहा कि सत्ता में रहते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा चुनाव विभाग के कार्यालय में कथित तौर पर अराजकता फैलाना, मंत्री का पुतला फूंकना और कार्यालय को आग के हवाले करने की धमकी देना गंभीर मामला है।
नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि हिमाचल प्रदेश सरकार अपनी कथित नाकामियों से जनता का ध्यान हटाने के लिए इस तरह के हथकंडे अपना रही है। उन्होंने कहा कि घटना शर्मनाक है और सरकार को इसकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए।



