ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- उपमंडल अर्की की ग्राम पंचायत प्लानिया के कोठी-कुणाल में टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत निक्षय शिविर एवं एचआईवी/एड्स जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक गोविंदराम शर्मा और बीडीसी चेयरमैन मनप्रीत वर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को टीबी के लक्षण, समय पर जांच व उपचार तथा एचआईवी/एड्स से बचाव और जांच के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम बीएमओ अर्की डॉ. मुक्ता रस्तोगी के दिशा-निर्देशानुसार आयोजित हुआ। इस दौरान एचआईवी काउंसलर डॉ. विजय कुमार शांडिल ने एचआईवी/एड्स से संबंधित जानकारी देते हुए बताया कि एचआईवी असुरक्षित यौन संबंध, संक्रमित रक्त, संक्रमित सुई साझा करने तथा संक्रमित मां से बच्चे में फैल सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि हाथ मिलाने, साथ बैठने, खाना खाने या गले मिलने से एचआईवी नहीं फैलता। उन्होंने लोगों से भ्रांतियों से बचने और आवश्यकता पड़ने पर जांच व परामर्श लेने का आग्रह किया।
टीबी के संबंध में ग्रामीणों को लगातार दो सप्ताह या अधिक समय तक खांसी, बुखार, रात को पसीना आना, वजन कम होना और बलगम में खून आने जैसे लक्षणों पर तुरंत जांच करवाने की सलाह दी गई। शिविर में 72 लोगों के एक्स-रे किए गए, जबकि 19 लोग लक्षणात्मक पाए गए। इन लोगों को आगे की जांच एवं आवश्यक उपचार के लिए मार्गदर्शन दिया गया।
इस अवसर पर डॉ. चार्वी गुप्ता, मंजू, कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर ज्योति चौहान, एक्स-रे विभाग के रविंदर कुमार, आशा कार्यकर्ता अरुणा तथा आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सीता और ममता ने शिविर के सफल आयोजन में सहयोग किया।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से टीबी के लक्षणों को नजरअंदाज न करने तथा एचआईवी/एड्स को लेकर फैली भ्रांतियों और सामाजिक भेदभाव को दूर करने में सहयोग देने की अपील की।



