ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज। सहकारिता प्रकोष्ठ मंडल दाड़लाघाट के मंडल संयोजक परसराम ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के 19 सितंबर को अर्की आगमन से पहले दाड़लाघाट क्षेत्र की प्रमुख मांगों को उठाया है। उन्होंने दाड़लाघाट में बीडीओ कार्यालय खोलने के साथ क्षेत्र के ट्रांसपोर्टरों की लंबित किराया वृद्धि और एरियर का मामला भी शीघ्र सुलझाने की मांग की है।

परसराम ने कहा कि दाड़लाघाट के ट्रांसपोर्टर लंबे समय से किराये में बढ़ोतरी और लंबित एरियर की मांग कर रहे हैं। वाहन संचालन का खर्च लगातार बढ़ने के कारण ट्रांसपोर्टरों के लिए मौजूदा दरों पर कार्य करना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने अंबुजा सीमेंट की ढुलाई के किराये तथा सिविल सप्लाई के मालभाड़े में भी उचित वृद्धि किए जाने की मांग की।
उन्होंने कहा कि सरकार संबंधित कंपनियों और ट्रांसपोर्टर प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर इस मामले का समाधान करवाए, ताकि ट्रांसपोर्टरों को राहत मिल सके। साथ ही किराये की समय-समय पर समीक्षा और लंबित एरियर के भुगतान की व्यवस्था भी की जानी चाहिए।
परसराम ने कहा कि दाड़लाघाट में बीडीओ कार्यालय खोला जाना क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही आवश्यकता है। कार्यालय खुलने से क्षेत्र की पंचायतों के लोगों को ग्रामीण विकास से जुड़े कार्यों के लिए सुविधा मिलेगी और उन्हें अपने कार्यों के लिए दूरदराज के कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। इससे पंचायत स्तर पर विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में भी सुविधा होगी।
उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि 19 सितंबर को अर्की के राज्यस्तरीय सायर उत्सव में आगमन के दौरान दाड़लाघाट क्षेत्र की इन मांगों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक निर्णय लिया जाए।


