संजय अवस्थी ने किया तीन दिवसीय राज्य स्तरीय सायर मेले का विधिवत शुभारंभ

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज। अर्की के ऐतिहासिक चौगान मैदान में आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय सायर मेले का गुरुवार को अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने विधिवत शुभारंभ किया। शुभारंभ से पहले उन्होंने ऐतिहासिक एवं प्राचीन मां काली मंदिर में पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा-अर्चना की तथा समृद्धि के प्रतीक झोटा पूजन के साथ सायर मेले का आगाज किया।


इस अवसर पर विधायक संजय अवस्थी ने क्षेत्रवासियों को सायर मेले की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि अर्की का सायरोत्सव क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और प्राचीन परंपराओं से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है। ऐसे मेलों के माध्यम से लोक संस्कृति, रीति-रिवाज और पारंपरिक मान्यताएं भावी पीढ़ी तक पहुंचती हैं।


उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की पहचान यहां की समृद्ध संस्कृति, लोक परंपराओं और मेलों से भी जुड़ी हुई है। मेले केवल मनोरंजन और उत्सव का माध्यम नहीं हैं, बल्कि समाज को एक-दूसरे के करीब लाने तथा आपसी मेल-जोल और भाईचारे को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण अवसर भी प्रदान करते हैं।


विधायक ने कहा कि सायरोत्सव मेले की अपनी विशिष्ट पहचान और परंपरा है, जिसे संरक्षित रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के लिए ऐसे आयोजनों को निरंतर बढ़ावा दिया जाना आवश्यक है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से मेले की गरिमा और पारंपरिक स्वरूप को बनाए रखते हुए अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने का आग्रह किया।


इस अवसर पर विधायक की धर्मपत्नी मीनाक्षी अवस्थी, खंड कांग्रेस अर्की के अध्यक्ष सतीश कश्यप, महासचिव रवि पाठक, नगर पंचायत अर्की की अध्यक्ष सीमा शर्मा, उपाध्यक्ष बीना ठाकुर, जोगिंद्रा केंद्रीय सहकारी बैंक के निदेशक रोशन वर्मा, आईटीआई बोर्ड सदस्य सुमित शर्मा, नगर पंचायत अर्की के पार्षदगण, समाजसेवी जयनंद शर्मा, उपमंडलाधिकारी अर्की निशांत तोमर, तहसीलदार अर्की विपिन वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page