ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- सोलन विकासखंड की पट्टा बरावरी पंचायत में नेहरू युवक क्लब पट्टा बरावरी के सौजन्य से दो दिवसीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में करीब 28 टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता का शुभारंभ खंड विकास समिति सोलन की अध्यक्ष प्रोमिला कौशल ने बतौर मुख्य अतिथि किया।

आयोजन स्थल पर पहुंचने पर मुख्य अतिथि प्रोमिला कौशल तथा अन्य अतिथियों का आयोजकों की ओर से फूलमालाओं से स्वागत किया गया। इस दौरान हरिपुर पंचायत के पूर्व प्रधान पंकज कुमार तथा जाबल झमरोट पंचायत के उपप्रधान राजीव विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।

मुख्य अतिथि प्रोमिला कौशल ने वॉलीबॉल प्रतियोगिता के आयोजन के लिए नेहरू युवक क्लब पट्टा बरावरी को 15 हजार रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन से युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ खेलों के प्रति प्रोत्साहन मिलता है।
प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर किसान मोर्चा अध्यक्ष शेर सिंह, गम्भर पुल, श्रीराम कौशल, पूर्व उपप्रधान पट्टा बरावरी, शीशपाल, पूर्व प्रधान पट्टा बरावरी, लेखराज, गोपाल दास शर्मा, रामचंद शर्मा और कृष्णचंद शर्मा सहित अन्य लोग विशेष रूप से उपस्थित रहे।

पूर्व बीडीसी सदस्य एवं सामाजिक कार्यकर्ता डीडी कश्यप ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता में करीब 28 टीमें भाग ले रही हैं। दो दिवसीय प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले होंगे। उन्होंने प्रतियोगिता के आयोजन के लिए नेहरू युवक क्लब पट्टा बरावरी के पदाधिकारियों को बधाई दी तथा युवाओं को खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।




