कोटली में टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत स्वास्थ्य शिविर, 60 से अधिक लोगों की जांच

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज। टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत अर्की उपमंडल की ग्राम पंचायत कोटली में स्वास्थ्य विभाग की ओर से एक दिवसीय स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन बीएमओ अर्की डॉ. मुक्ता रस्तोगी के दिशा-निर्देशानुसार किया गया।


शिविर में आसपास के विभिन्न गांवों से पहुंचे लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई। इस दौरान ब्लड प्रेशर, शुगर व छाती के एक्स-रे सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य जांच की गई। शिविर में 60 से अधिक लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। स्वास्थ्य जांच के साथ लोगों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी भी प्रदान की गई तथा टीबी से बचाव और समय पर जांच करवाने के प्रति जागरूक किया गया।


स्वास्थ्य विभाग की टीम में डॉ. गिरेंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी याचना, एक्स-रे टेक्नीशियन रवि तथा आशा कार्यकर्ता निर्मला और नीलम कुमारी ने लोगों की स्वास्थ्य जांच में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


इस अवसर पर ग्राम पंचायत कोटली के प्रधान जय प्रकाश ठाकुर, बीडीसी सदस्य भूपेंद्र शर्मा, उपप्रधान प्रेमलाल सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। पंचायत प्रतिनिधियों ने स्वास्थ्य विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के शिविरों के आयोजन से लोगों को अपने घर-द्वार के समीप स्वास्थ्य जांच की सुविधा मिलती है।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page