ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- भारत स्काउट्स एंड गाइड्स जिला सोलन के तत्वावधान में जिला मुख्य आयुक्त एवं उपनिदेशक स्कूल शिक्षा मधु जनार्था के आदेशानुसार जिला स्तरीय तृतीय सोपान प्रशिक्षण एवं निरीक्षण शिविर का शुभारंभ 17 अगस्त को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सरयांज में किया गया। शिविर का शुभारंभ विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष जगदीश शर्मा और उपप्रधानाचार्य भीम सिंह ने किया।

शुभारंभ अवसर पर जिला आयुक्त स्काउट राजकुमार गौतम ने मुख्यातिथि को स्कार्फ पहनाकर सम्मानित किया। पांच दिवसीय शिविर में शीतकालीन विद्यालयों के 14 विद्यालयों से 86 स्काउट्स, 82 गाइड्स तथा 16 स्काउट मास्टर एवं गाइड कैप्टन भाग ले रहे हैं।
शिविर को सफल बनाने के लिए जिला स्तर से 15 प्रशिक्षित सदस्य प्रतिभागियों को विभिन्न स्काउट-गाइड गतिविधियों एवं कौशलों का प्रशिक्षण दे रहे हैं। शिविर में कुल 168 स्काउट्स एवं गाइड्स को तृतीय सोपान स्तर की आवश्यक दक्षताओं का प्रशिक्षण एवं निरीक्षण किया जा रहा है।

शिविर प्रभारी ने बताया कि पांच दिवसीय शिविर का उद्देश्य स्काउट्स एवं गाइड्स को तृतीय सोपान तक के विभिन्न कौशल सिखाना और उनकी दक्षताओं को परखना है, ताकि वे अपने सर्वांगीण विकास के साथ राज्य स्तर की गतिविधियों को पूरा करने में सक्षम बन सकें। उन्होंने बताया कि यह जिला स्तर का सर्वोच्च प्रशिक्षण शिविर है और इसी के आधार पर विद्यार्थियों का राज्य पुरस्कार के लिए चयन किया जाता है।


