ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज। उपमंडल अर्की की ग्राम पंचायत भूमती निवासी ज्योतिर्मय शर्मा का सोलन स्थित शूलिनी विश्वविद्यालय में सहायक प्रोफेसर के पद पर चयन हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार सहित भूमती क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
ज्योतिर्मय शर्मा ने नेट परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से पीएचडी का कार्य भी जारी रखा हुआ है। उन्होंने अपनी मेहनत, लगन और निरंतर प्रयासों से यह मुकाम हासिल किया है। ज्योतिर्मय ने अपनी सफलता का श्रेय अपनी कुल देवी मां भद्रकाली की कृपा, बुजुर्गों के आशीर्वाद तथा परिवारजनों और स्नेहजनों के सहयोग को दिया है।

ज्योतिर्मय की इस उपलब्धि पर उनकी दादी रुक्मिणी देवी, पिता नरेश शर्मा, माता पूनम शर्मा, ताया बृजमोहन शर्मा, ताई अनु शर्मा और बड़ी बहन शिवानी शर्मा सहित अन्य परिजनों ने खुशी जताई। ज्योतिर्मय ने अपनी सफलता के अवसर पर अपने स्वर्गीय दादा दिवेश शर्मा को भी याद किया, जिन्हें वे परिवार के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत मानते हैं।

परिजनों ने कहा कि ज्योतिर्मय की यह उपलब्धि पूरे परिवार के लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने मां भद्रकाली से ज्योतिर्मय के उज्ज्वल भविष्य और जीवन में निरंतर सफलता की कामना की।
ज्योतिर्मय की सफलता पर पूर्व बीडीसी सदस्य आशा शर्मा, हेतराम शास्त्री, भुवनेश्वर शर्मा, दिलीप शर्मा, ऋषिदेव शर्मा, जयदेव शर्मा, अशोक शर्मा, चंद्रकांत शर्मा, प्रतिभा शर्मा, विभूति शर्मा सहित भूमती के ग्रामीणों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।




