पेंशनरों के लंबित एरियर व मेडिकल बिलों के भुगतान की मांग

ब्यूरो,दैनिक हिमाचल न्यूज– राज्य पेंशनर्ज कल्याण संगठन की अर्की इकाई की बैठक प्रधान कृष्ण सिंह चौहान की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में 1 जनवरी 2016 से 31 जनवरी 2022 के बीच सेवानिवृत्त हुए पेंशनरों के लंबित एरियर सहित विभिन्न मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई।


बैठक में सदस्यों ने रोष जताया कि एरियर की राशि के भुगतान को लेकर सरकार ने पेंशनरों का वर्गीकरण कर दिया है। अभी तक किसी भी वर्ग को पूरा एरियर एकमुश्त देने की घोषणा नहीं की गई है, बल्कि वर्गीकरण के आधार पर कुछ प्रतिशत एरियर देने की बात कही गई है। संगठन ने सरकार से मांग की कि सभी पेंशनरों का लंबित एरियर एकमुश्त जारी किया जाए।


बैठक में लंबित मेडिकल बिलों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। सदस्यों ने कहा कि कई विभागों में मेडिकल बिलों का भुगतान अभी तक पूर्ण रूप से नहीं हुआ है, जबकि सरकार की ओर से सभी लंबित मेडिकल बिलों के भुगतान की बात कही गई थी। इसके अलावा 15 प्रतिशत महंगाई भत्ते की लंबित किस्तों पर भी सरकार द्वारा कोई निर्णय नहीं लिए जाने पर सदस्यों ने चिंता जताई। पूर्व में जारी महंगाई भत्ते की किस्तों का एरियर भी अभी लंबित है।


पेंशनरों ने लंबे समय से चली आ रही 65, 70 और 75 वर्ष की आयु पूर्ण करने पर देय क्रमशः 5, 10 और 15 प्रतिशत अतिरिक्त पेंशन को मूल वेतन में समायोजित करने की मांग को भी दोहराया। संगठन ने सरकार से इस मांग को शीघ्र पूरा करने की मांग की।
बैठक में महासचिव राजेंद्र कुमार शर्मा के अतिरिक्त गोविंद राम वर्मा, चेत राम शर्मा, किरण शर्मा, प्रेम राज शर्मा, कर्म सिंह, धनीराम गर्ग और लेखराम ठाकुर सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page