ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज। उपमंडल अर्की के अंतर्गत ग्राम पंचायत दधोगी में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। समारोह में भारतीय सेना की डोगरा रेजीमेंट से सेवानिवृत्त सूबेदार चंद कुमार ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता पंचायत प्रधान भूपेंद्र शर्मा ने की।

समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि चंद कुमार द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ हुआ। इसके बाद उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया। कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत की ओर से मुख्य अतिथि को सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि चंद कुमार ने अपने संबोधन में स्वतंत्रता सेनानियों एवं देश की रक्षा में अपना जीवन समर्पित करने वाले वीर जवानों को नमन किया। उन्होंने युवाओं और बच्चों से देश के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने, अनुशासन को जीवन में अपनाने तथा राष्ट्रहित में अपना योगदान देने का आह्वान किया।

पंचायत प्रधान भूपेंद्र शर्मा ने सभी पंचायतवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पंचायत क्षेत्र के विकास के साथ-साथ सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे और सौहार्द को मजबूत करने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए।

इस अवसर पर ग्राम पंचायत दधोगी के उपप्रधान मोहनलाल, जीआरएस यशपाल, वार्ड सदस्य हेतराम, पदमदेव, कृष्णा देवी, रीता देवी, दिव्या ठाकुर सहित स्थानीय निवासी और बच्चे मौजूद रहे। समारोह का समापन राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की भावना के साथ हुआ।


