ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- उपमंडल अर्की के अंतर्गत राजकीय उच्च विद्यालय शहरोल में ‘नशामुक्त हिमाचल अभियान’ के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं स्थानीय लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम में विकास खंड कुनिहार के खंड विकास अधिकारी तन्मय कंवर मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों, अभिभावकों, अध्यापकों एवं उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज के लिए घातक है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि शिक्षा, अनुशासन और अच्छे संस्कार ही उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव हैं।

तन्मय कंवर ने विभिन्न प्रकार के नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए चिट्टे को बेहद खतरनाक नशों में से एक बताया। उन्होंने नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने और युवाओं को इस बुरी लत से बचाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया।

स्वास्थ्य विभाग के हेल्थ सब सेंटर शहरोल की सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी ने भी स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा नशे से दूर रहने का संदेश दिया। वहीं, विद्यालय के पूर्व मुख्याध्यापक एवं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सौर के प्रधानाचार्य नरेश शर्मा ने कहा कि नशामुक्त हिमाचल का सपना तभी साकार होगा, जब समाज का प्रत्येक वर्ग एकजुट होकर युवाओं को सही दिशा देने का संकल्प लेगा।

कार्यक्रम में पंचायत प्रधान नर्वदा देवी,उपप्रधान रामलोक,पंचायत सचिव विद्यालय के अध्यापक,अभिभावक,आशा कार्यकर्ता तथा पंचायत के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में खंड विकास अधिकारी तन्मय कंवर ने विद्यालय के सभी विद्यार्थियों को अपनी ओर से पेंटिंग किट के पैकेट भी प्रदान किए।



